“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में 4 अलग-अलग मामलों में 4 शराब तस्कर गिरफ्तार, 45 बोतल देशी शराब और 150 लीटर लाहन बरामद


कैथल, 3 अक्टूबर। कैथल पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 45 बोतल देशी शराब और 150 लीटर लाहन बरामद किया है। चारों मामलों में संबंधित थानों में केस दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस चौकी भागल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बनेड़ा रोड स्थित पाथरी माता मंदिर के पास कार्रवाई की। एचसी बीरा राम की टीम ने नरेश निवासी अलेवा, जिला जींद को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से प्लास्टिक कट्टे में रखे 30 पव्वे और 13 अध्धे, कुल 14 बोतल देशी शराब बरामद हुई।
पुराना बस स्टैंड के पास स्कूटी सवार से शराब बरामद
दूसरे मामले में थाना सिविल लाइन कैथल पुलिस ने पुराना बस स्टैंड के पास कार्रवाई की। एचसी इकबाल सिंह और सिपाही रोहित की टीम ने शक्ति नगर कैथल निवासी राजेश को स्कूटी सहित गिरफ्तार किया। जांच के दौरान उसके कब्जे से 13 बोतल देशी शराब बरामद हुई।
सिरटा रोड की दुकान से 18 बोतल शराब बरामद
तीसरे मामले में थाना शहर कैथल पुलिस ने सिरटा रोड स्थित एक दुकान पर दबिश दी। एएसआई जोरा सिंह की टीम ने महादेव कॉलोनी कैथल निवासी रेखा को काबू किया। दुकान की जांच करने पर दो गत्ता पेटियों से 18 बोतल देशी शराब बरामद की गई।
पशु बाड़े से 150 लीटर लाहन बरामद
चौथे मामले में पुलिस चौकी क्योड़क की टीम ने गांव दयोहरा से जसवंती रोड पर स्थित एक पशु बाड़े पर दबिश दी। एएसआई बलजीत सिंह की टीम ने गांव दयोहरा निवासी संदीप कुमार उर्फ काला को गिरफ्तार किया। पुलिस ने जांच के दौरान उसके कब्जे में रखे प्लास्टिक ड्रम से 150 लीटर लाहन बरामद किया।
अवैध शराब के खिलाफ जारी है पुलिस की कार्रवाई
कैथल पुलिस ने चारों मामलों में आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग केस दर्ज कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री, तस्करी और निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए सूचना मिलने पर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *