“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में 31 किलो अफीम मामले का इनामी सप्लायर गिरफ्तार, आरोपी पर था 5 हजार रुपये का इनाम

सीआईए गुहला पुलिस ने पटियाला रोड चीका से आरोपी अशोक कुमार को दबोचा, वर्ष 2020 से चल रहा था फरार

कैथल, 12 अक्टूबर 2026। कैथल पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वर्ष 2020 में 31 किलोग्राम अफीम बरामदगी के मामले में वांछित सप्लायर आरोपी अशोक कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2020 से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर हरियाणा पुलिस की ओर से 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी को न्यायालय ने 30 अप्रैल 2025 को भगोड़ा घोषित किया था।

पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत सीआईए गुहला की टीम ने यह गिरफ्तारी की है।

2020 में मकान से बरामद हुई थी 31 किलो अफीम

डीएसपी गुहला हरदीप सिंह ने बताया कि 12 जून 2020 को तत्कालीन सीआईए-2 में तैनात एएसआई प्रदीप कुमार की टीम को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने चीका की संजय बस्ती में रमेश कुमार के मकान पर दबिश दी।

मकान के सामने एक हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध युवक बैठे मिले। पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक रमेश कुमार निवासी संजय बस्ती, चीका को काबू कर लिया, जबकि उसके साथ बैठे दो युवक मौके से फरार हो गए। उनकी पहचान अशोक कुमार निवासी संजय बस्ती, चीका और शेर सिंह उर्फ शेरा निवासी अगौंध के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान रमेश कुमार के कब्जे से एक पॉलिथीन में एक किलोग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद मकान की तलाशी लेने पर दीवान बेड में रखे दो प्लास्टिक कट्टों से 15-15 किलोग्राम अफीम बरामद की गई। इस प्रकार पुलिस ने कुल 31 किलोग्राम अफीम बरामद की थी। इस संबंध में थाना चीका में मामला दर्ज किया गया था।

अशोक कुमार पर घोषित था 5 हजार रुपये का इनाम

पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि बरामद अफीम की सप्लाई संजय बस्ती, चीका निवासी अशोक उर्फ शौकी ने की थी। मामले में फरार आरोपियों सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि, अशोक कुमार वर्ष 2020 से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए हरियाणा पुलिस ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पटियाला रोड चीका से किया गिरफ्तार

मामले की आगामी जांच सीआईए गुहला प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार की अगुवाई में पीएसआई सनेश की टीम कर रही थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए पटियाला रोड, चीका से आरोपी अशोक कुमार निवासी संजय बस्ती, चीका को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ नशा तस्करी सहित पहले भी चार मामले दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा और उससे मामले के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

कैथल पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी पर अंकुश लगाने और नशे के नेटवर्क से जुड़े आरोपियों तक पहुंचने के लिए कार्रवाई लगातार जारी है।