कैथल, 18 अक्टूबर। कैथल जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए CIA गुहला पुलिस ने चीका के शक्ति नगर स्थित एक रिहायशी मकान से बम-पटाखों की 33 पेटियां बरामद की हैं। बरामद पटाखों का कुल वजन लगभग 670.86 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस ने इस मामले में मकान मालिक कृष्ण लाल निवासी शक्ति नगर, चीका को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पटाखे बिना लाइसेंस और परमिट के बिक्री के लिए रखे गए थे।
गुप्त सूचना के आधार पर CIA गुहला पुलिस की छापेमारी
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत CIA गुहला प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप के नेतृत्व में HC तरसेम कुमार और PSI दीपक की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि शक्ति नगर निवासी कृष्ण लाल ने अपने मकान के गली की ओर बने कमरे में बिक्री के लिए अवैध रूप से बम-पटाखों की पेटियां रखी हुई हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत संबंधित मकान पर छापेमारी की। मौके पर मकान के बाहर वाले कमरे के पास एक व्यक्ति खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने कमरे में जाकर दरवाजा बंद करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस कर्मचारियों ने उसे काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान कृष्ण लाल निवासी शक्ति नगर, चीका के रूप में हुई।
तलाशी में मिलीं पटाखों की 33 पेटियां
पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो वहां बम-पटाखों से भरी कई पेटियां मिलीं। बरामद सामग्री की जांच के लिए गुहला एलएफएम सतपाल को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने पेटियों को खोलकर जांच की और उनमें बम-पटाखे होने की पुष्टि की।
पुलिस के अनुसार, मौके से कुल 33 पेटियां बरामद हुईं, जिनका वजन लगभग 670.86 किलोग्राम था। आरोपी पटाखे रखने के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका।
थाना चीका में मामला दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी कृष्ण लाल के खिलाफ थाना चीका में मामला दर्ज कर लिया है। मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
कैथल पुलिस ने अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लोगों से कानून का पालन करने की अपील की है।

