“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

आरकेएसडी कॉलेज कैथल में ‘जेन एआई रेडी नारी’ कार्यक्रम का सूचना एवं पंजीकरण सत्र आयोजित, 250 छात्राओं ने लिया हिस्सा

कैथल। स्थानीय आर.के.एस.डी. कॉलेज, कैथल में नवीन जिंदल फाउंडेशन (NJF) एवं निमाया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘जेन एआई रेडी नारी प्रोग्राम’ के तहत सूचना एवं पंजीकरण सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को जनरेटिव एआई, व्यावहारिक एआई टूल्स और रोजगारपरक कौशल से परिचित कर भविष्य की रोजगार आवश्यकताओं के लिए तैयार करना है।

कॉलेज प्रबंध समिति के प्रधान अश्विनी शोरवाला ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तेजी से शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र को प्रभावित कर रहा है। ऐसे में छात्राओं को नई तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान और आवश्यक कौशल प्रदान करना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जेन एआई रेडी नारी जैसे कार्यक्रम छात्राओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास विकसित करने और रोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने नवीन जिंदल फाउंडेशन और निमाया फाउंडेशन का इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया तथा छात्राओं से कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

AI और रोजगारपरक कौशल पर दिया गया जोर

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने नवीन जिंदल फाउंडेशन एवं निमाया फाउंडेशन की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को उभरती तकनीकों और उद्योग की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रदान करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने छात्राओं को इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने और एआई आधारित कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान एनजेएफ एवं निमाया फाउंडेशन की टीम ने छात्राओं को जेनरेटिव एआई टूल्स के व्यावहारिक उपयोग, प्रशिक्षण प्रक्रिया, रोजगारपरक कौशल, कार्यक्रम के उद्देश्यों और प्रमाण-पत्र से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।

सत्र में करीब 250 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने कार्यक्रम और एआई प्रशिक्षण से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका टीम द्वारा समाधान किया गया।

21 अक्टूबर से 4 नवंबर तक चलेगा कार्यक्रम

कोर्स समन्वयक डॉ. पूजा गुप्ता ने मंच संचालन करते हुए छात्राओं को कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जनरेटिव एआई के व्यावहारिक कौशल सीखकर छात्राएं अपनी रोजगार क्षमता और करियर संभावनाओं को मजबूत कर सकती हैं।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन 21 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। सूचना एवं पंजीकरण सत्र के दौरान इच्छुक छात्राओं की अंतिम पंजीकरण एवं पुष्टि प्रक्रिया भी पूरी की गई।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्लेसमेंट सेल के संयोजक डॉ. विशाल आनंद, डॉ. मतिश गर्ग, डॉ. अंकित गर्ग तथा कैरियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में निमाया फाउंडेशन की मुस्कान वत्स, प्रोग्राम मैनेजर तथा नवीन जिंदल फाउंडेशन से बिमल ठाकुर, प्रोग्राम मैनेजर और नेहा चौधरी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *