कैथल, 5 अक्टूबर। विश्व शिक्षक दिवस के अवसर पर आरकेएसडी कॉलेज, कैथल में यूथ रेड क्रॉस की ओर से ‘ए टीचर हू चेंज्ड माई लाइफ’ डिजिटल कृतज्ञता अभियान का आयोजन किया गया। “एक शिक्षक। एक एहसास। एक याद।” थीम पर आधारित इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपने जीवन को प्रभावित करने वाले शिक्षकों को याद करने और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करना रहा।
अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को उन शिक्षकों के साथ जुड़ी अपनी यादें और अनुभव साझा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिन्होंने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया। इस पहल में शिक्षक के मार्गदर्शन, प्रेरणा, प्रोत्साहन, अनुशासन, संवेदनशीलता और आत्मविश्वास बढ़ाने जैसे पहलुओं से जुड़े अनुभवों को डिजिटल रूप में संकलित किया जा रहा है।
शिक्षक विद्यार्थी के व्यक्तित्व को आकार देता है: डॉ. राजबीर पाराशर
कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. राजबीर पाराशर ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि वह विद्यार्थी के व्यक्तित्व, सोच और जीवन-दृष्टि को आकार देने वाला मार्गदर्शक भी होता है। शिक्षक द्वारा कही गई छोटी-सी बात या दिया गया प्रोत्साहन विद्यार्थी के जीवन पर लंबे समय तक प्रभाव डाल सकता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल शिक्षक-विद्यार्थी संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ विद्यार्थियों में कृतज्ञता की भावना विकसित करने वाली सार्थक पहल है।
विद्यार्थियों के अनुभवों को डिजिटल रूप दिया जा रहा
यूथ रेड क्रॉस काउंसलर डॉ. सुरूचि शर्मा ने बताया कि अभियान को सरल और सहभागी बनाया गया है। विद्यार्थी कुछ क्लिक के माध्यम से उस शिक्षक को याद कर सकते हैं, जिसने उनके जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डाला और उससे जुड़ी अपनी छोटी-सी स्मृति साझा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि अभियान का मूल संदेश है— “हर पाठ ब्लैकबोर्ड पर नहीं लिखा जाता; कुछ पाठ जीवन भर हमारे साथ रहते हैं।”
अभियान के तहत विद्यार्थियों से प्राप्त प्रतिक्रियाओं को डिजिटल रूप में संकलित कर ‘डिजिटल ग्रैटीच्यूड वॉल’ तैयार की जाएगी। इसके बाद इन व्यक्तिगत स्मृतियों को डिजिटल संकलन के रूप में प्रस्तुत करने की योजना है। इस पहल के जरिए विद्यार्थियों की व्यक्तिगत यादों को सामूहिक कृतज्ञता दस्तावेज में बदलने का प्रयास किया जा रहा है।
कॉलेज के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
कार्यक्रम के दौरान डॉ. कपिल जैन, डॉ. विकास भारद्वाज, डॉ. मंजुला गोयल, डॉ. चेतना, डॉ. जयबीर धारीवाल और डॉ. राजीव शर्मा सहित महाविद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।
उपस्थित शिक्षकों ने आरकेएसडी कॉलेज कैथल की इस डिजिटल पहल की सराहना की और विद्यार्थियों को अधिक से अधिक संख्या में अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।


Leave a Reply