कैथल। आरकेएसडी महाविद्यालय, कैथल के विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों ने जिला स्तरीय ‘सेवा ज्योति यात्रा–विकसित भारत संकल्प सभा’ में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) और यूथ रेड क्रॉस (वाईआरसी) इकाइयों के कुल 200 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इनमें 70 छात्र और 130 छात्राएं शामिल रहीं।
महाविद्यालय की प्रधान प्रबंधक समिति के अध्यक्ष अश्विनी शोरेवाला ने विद्यार्थियों की सहभागिता पर बधाई संदेश भेजते हुए राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में युवाओं के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने विद्यार्थियों को कार्यक्रम के लिए रवाना करते हुए कहा कि विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विशेष रूप से एनएसएस, एनसीसी और यूथ रेड क्रॉस से जुड़े विद्यार्थियों को सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
नवीन जिंदल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन से प्रेरित हुए विद्यार्थी
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधनों को पूरे उत्साह और एकाग्रता के साथ सुना। वक्ताओं ने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य और दृष्टिकोण पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, जिम्मेदारियों और सक्रिय भागीदारी के महत्व को समझाया।
संबोधनों से प्रेरित होकर विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत @2047’ की सामूहिक शपथ में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही उन्होंने गणमान्य अतिथियों द्वारा ‘सेवा ज्योति’ प्रज्ज्वलित किए जाने के अवसर का साक्षी बनकर सेवा, समर्पण, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश ग्रहण किया।
कार्यक्रम के समापन पर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर प्रदान किया।
प्राध्यापकों ने किया विद्यार्थियों का मार्गदर्शन
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल जिंदल और डॉ. अनुकृति ने किया। एनसीसी की ओर से डॉ. रघुबीर सिंह और डॉ. रितु कांग वालिया ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। वहीं, यूथ रेड क्रॉस की ओर से प्रो. सुरुचि शर्मा, डॉ. चेतना और डॉ. कपिल जैन ने सहभागिता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आरकेएसडी महाविद्यालय की इस सहभागिता ने युवाओं में सेवा भावना, अनुशासन, सामाजिक जागरूकता और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के संकल्प को प्रोत्साहित किया।


Leave a Reply