

कैथल, 1 अगस्त। आर.के.एस.डी. महाविद्यालय, कैथल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (यूजी) एवं स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया लगातार रफ्तार पकड़ रही है। महाविद्यालय में विद्यार्थियों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है और अब तक यूजी पाठ्यक्रमों में 788 विद्यार्थी प्रवेश ले चुके हैं, जबकि पीजी पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार 11 स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए अब तक 3869 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 2388 आवेदनों का सत्यापन पूरा हो चुका है तथा 788 विद्यार्थियों ने प्रवेश ले लिया है। दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों में 638 प्रातःकालीन और 150 सांध्यकालीन सत्र के हैं।
वहीं, 9 स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए अब तक 158 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 96 आवेदनों का सत्यापन किया जा चुका है तथा 68 विद्यार्थियों ने प्रवेश ले लिया है। शेष आवेदनों का सत्यापन और प्रवेश प्रक्रिया जारी है।
महाविद्यालय के प्रधान अश्वनी शोरेवाला ने कहा कि विद्यार्थियों का आर.के.एस.डी. महाविद्यालय पर लगातार बढ़ता विश्वास संस्थान की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा, अनुशासित वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि कॉलेज आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास और रोजगारोन्मुख अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी कर अपनी सीट सुनिश्चित करने की अपील की।
प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने बताया कि प्रथम मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों के लिए 4 अगस्त तक फीस जमा करने का अवसर दिया गया है। इसके बाद रिक्त सीटों के लिए 5 अगस्त को संशोधित मेरिट सूची जारी की जाएगी। संशोधित सूची में चयनित विद्यार्थियों का दस्तावेज़ सत्यापन 6 अगस्त तक होगा, जबकि फीस जमा करने की अंतिम तिथि 7 अगस्त निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि यदि इसके बाद भी सीटें रिक्त रहती हैं तो 12 अगस्त को फिजिकल काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। इसके बाद 13 अगस्त से ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल दोबारा खोला जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से विभागीय पोर्टल और महाविद्यालय द्वारा जारी सूचनाओं पर नियमित नजर रखने तथा समय पर दस्तावेज़ और शुल्क जमा कर प्रवेश सुनिश्चित करने की अपील की।
प्राचार्य ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुचारु बनाने के लिए महाविद्यालय परिसर में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, जहां विशेषज्ञ शिक्षक विद्यार्थियों और अभिभावकों को प्रवेश संबंधी आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध करा रहे हैं।

Leave a Reply