कैथल, 8 अक्टूबर। पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल की ओर से 94वां वायु सेना दिवस श्रद्धा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों ने भारतीय वायु सेना के वीर वायु योद्धाओं के साहस, समर्पण और राष्ट्र के प्रति अतुलनीय योगदान को याद किया। देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
एसोसिएशन के प्रधान जगजीत फौजी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे महेश चौक, पुराना बस अड्डा, कैथल पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद सुबह 9 बजे शहीद स्क्वाड्रन लीडर महेश चंद्र गुलाटी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैथल के प्रांगण में स्थित शहीद की प्रतिमा पर स्कूल के प्राचार्य एवं स्टाफ के साथ पूर्व सैनिकों ने पुष्प और माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
इसके पश्चात हरियाणा शहीद स्मारक पार्क रोड, कैथल में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। यहां सबसे पहले बुजुर्ग पूर्व सैनिक बलवंत राज और सार्जेंट दिलबाग की पत्नी श्रीमती संतोष देवी ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों ने पुष्प अर्पित कर देश के वीर शहीदों को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान लोक गायक कलाकार एवं पूर्व सैनिक सवर फौजी कर्मवीर ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत प्रस्तुत कर माहौल को भावुक और देशभक्तिपूर्ण बना दिया। उनके गीतों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया।
राज्य एयर वेटरन्स प्रधान धर्मवीर सिंह तथा जिला प्रधान एचएफओ भीम सिंह गिल ने वायु सेना स्थापना दिवस के महत्व और भारतीय वायु सेना की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय वायु सेना देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और उसके वीर जवानों का साहस एवं समर्पण पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।
एसोसिएशन प्रधान जगजीत फौजी ने वायु सेना दिवस के अवसर पर सभी वायु सैनिक परिवारों एवं देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का बलिदान हमेशा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
कार्यक्रम में सार्जेंट बलवंत राज, श्रीमती संतोष देवी, राज्य प्रधान धर्मवीर सिंह, जिला प्रधान एचएफओ भीम सिंह गिल, मास्टर वारंट ऑफिसर ज्ञानेश्वर भाल, एचएफओ जोगिंदर भाल, एचएफओ महेंद्र सिंह राणा, सार्जेंट बलबीर सिंह खटकड़, सार्जेंट राजेश अम्बरसर, डब्ल्यूओ जगदीश गिल, डब्ल्यूओ राजपाल कुंडू, एचएफओ रामहेर, सार्जेंट राजबीर सिंह, सार्जेंट अनिल पूनिया, सवर फौजी कर्मवीर, कैप्टन मुख्तार सिंह जांगड़ा, कैप्टन बलजीत मोर, कैप्टन मोहन सिंह, इंस्पेक्टर सोमदत्त शर्मा, कैप्टन रवि दत्त शर्मा, सीपीओ राजवीर भाना, सूबेदार रणवीर सिंह, सूबेदार राम सिंह, कैप्टन अभे राम, हवलदार महेंद्र सिंह, हवलदार रामस्वरूप सिंह, सूबेदार प्रेम सिंह, नायक रमेश शर्मा, रिसालदार बलदेव सिंह सैनी, हवलदार तान सिंह, रिसालदार कर्मवीर भाल, हवलदार मांगेराम शर्मा, हवलदार अभे राम, दफेदार रुलदू राम, सूबेदार वीरेंद्र सिंह, हवलदार रामपाल कुंडू, हवलदार धर्म सिंह, हवलदार कृष्ण लाल, हवलदार जीत सिंह, सूबेदार मेजर खजान सिंह, सूबेदार बलबीर सिंह सहित दर्जनों पूर्व सैनिक मौजूद रहे।


Leave a Reply