“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कुरुक्षेत्र-जापान करियर कनेक्ट: युवाओं के लिए जापान में रोजगार के अवसर, स्किल सेंटर और जापानी संस्थानों के बीच एमओयू

कुरुक्षेत्र, 5 अक्टूबर 2026। सांसद नवीन जिन्दल की पहल और मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में ‘कुरुक्षेत्र-जापान करियर कनेक्ट’ पहल को आगे बढ़ाया गया है। इसी कड़ी में जापान के प्रतिनिधिमंडल ने कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर का दौरा किया और युवाओं से सीधा संवाद किया।

नवीन जिन्दल फाउंडेशन और जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन ऑफ वेल्फेयर सर्विसेज के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर और जापानी संस्थानों के बीच एमओयू भी किए गए। इन समझौतों का उद्देश्य युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देना और जापान में करियर के अवसरों के लिए सहयोग को मजबूत करना है।

जापानी प्रतिनिधिमंडल ने स्किल सेंटर की लैब का किया निरीक्षण

जापान के प्रतिनिधिमंडल में मि. रिन् तानाका, मिस टोमोए इगुची, मि. तेत्सुशी तकागी, मि. हिरोया यागुची, श्री कृष्णन नारायणन और मिस क्योको ताकेमोतो शामिल रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर में संचालित विभिन्न स्किल डेवलपमेंट कोर्सों की लैब का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं से बातचीत की और उनके प्रशिक्षण, तकनीकी कौशल तथा भविष्य की तैयारियों के बारे में जानकारी ली।

जापानी प्रतिनिधिमंडल ने सेंटर में उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को बेहतर कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसरों से जोड़ना भविष्य के लिए महत्वपूर्ण पहल है।

जापान में इन क्षेत्रों में मिल सकते हैं रोजगार के अवसर

प्रतिनिधिमंडल के सदस्य श्री कृष्णन नारायणन ने बताया कि जापान में भारतीय युवाओं के लिए रोजगार की कई संभावनाएं मौजूद हैं। इनमें नर्सिंग केयर, निर्माण क्षेत्र, मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रिकल-इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, कृषि, फूड सर्विस और होटल सहित कई सेक्टर शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि जापान में रोजगार हासिल करने के लिए युवाओं को तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल के साथ-साथ जापानी भाषा का ज्ञान हासिल करने पर भी ध्यान देना होगा। भाषा और कौशल दोनों युवाओं को जापान के रोजगार बाजार के लिए बेहतर तरीके से तैयार कर सकते हैं।

नवीन जिन्दल की स्किल डेवलपमेंट पहल की सराहना

जापानी प्रतिनिधिमंडल ने सांसद नवीन जिन्दल की स्किल डेवलपमेंट और रोजगार से जुड़ी पहल की विशेष रूप से सराहना की। प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य ने कहा कि उन्होंने ऐसा जनप्रतिनिधि पहली बार देखा है, जो युवाओं के भविष्य, कौशल विकास और रोजगार के लिए इतनी गंभीरता और निरंतरता के साथ प्रयास कर रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

युवाओं को वैश्विक रोजगार बाजार से जोड़ना लक्ष्य

नवीन जिन्दल फाउंडेशन स्किल डेवलपमेंट के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. मनीष मिश्रा ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल का विजन है कि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र का युवा रोजगार के अवसरों का इंतजार करने वाला नहीं, बल्कि अपने कौशल के बल पर देश और दुनिया में अवसर हासिल करने वाला बने।

उन्होंने कहा कि इसी सोच के तहत युवाओं को आधुनिक कौशल, व्यावसायिक प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय रोजगार की संभावनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

डॉ. मनीष मिश्रा ने कहा कि ‘कुरुक्षेत्र-जापान करियर कनेक्ट’ का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं की शिक्षा और हुनर को वैश्विक रोजगार बाजार की जरूरतों से जोड़ना है। इससे कुरुक्षेत्र का युवा स्थानीय स्तर के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर करियर के अवसर हासिल कर सकेगा।

एमओयू से मजबूत होगा कौशल प्रशिक्षण और रोजगार का कनेक्शन

कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर और जापानी संस्थानों के बीच हुए एमओयू से स्किल ट्रेनिंग और अंतरराष्ट्रीय रोजगार के बीच संबंध मजबूत होने की उम्मीद है। इस पहल के तहत युवाओं को जापान की रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण, कौशल और भाषा संबंधी तैयारी पर जोर दिया जाएगा।

‘कुरुक्षेत्र-जापान करियर कनेक्ट’ के माध्यम से क्षेत्र के युवाओं के लिए जापान में रोजगार और करियर के नए रास्ते खोलने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *