“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

शिर्डी से ग्रेटर नोएडा पहुंचीं साईं बाबा की पावन चरण पादुकाएं, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन


कैथल, 4 अक्टूबर। शिर्डी से साईं बाबा की पावन चरण पादुकाएं ग्रेटर नोएडा पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। मां संतोषी साईं कृपा धाम, कुलेशरा, ग्रेटर नोएडा की ओर से आयोजित चरण पादुका दर्शन समारोह में हजारों की संख्या में साईं भक्त शामिल हुए। इस दौरान पूरा क्षेत्र धार्मिक और भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।
भव्य शोभायात्रा में गूंजे साईं बाबा के जयकारे
साईं बाबा की पावन चरण पादुकाओं के आगमन पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ों और धार्मिक झांकियों ने शोभायात्रा की भव्यता बढ़ाई। विशेष रूप से सजाए गए रथ पर साईं बाबा की पावन चरण पादुकाएं विराजमान थीं।
शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु साईं बाबा के जयकारे लगाते हुए नाचते-झूमते चल रहे थे। श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बनता था।
लंबी कतारों में लगकर श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
मुख्य समारोह स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल पंडाल लगाया गया था। दर्शन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। हजारों भक्तों ने लंबी कतारों में लगकर साईं बाबा की चरण पादुकाओं के दर्शन किए और शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
समारोह में शिर्डी साईं संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं आईएएस अधिकारी गोरक्ष गाडिलकर सहित संस्थान के अन्य अधिकारी भी पहुंचे। हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में साईं भक्तों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
कैथल से भी बड़ी संख्या में पहुंचे साईं भक्त
ग्रेटर नोएडा में आयोजित साईं बाबा के भव्य चरण पादुका दर्शन समारोह में कैथल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कैथल से पहुंचे साईं भक्तों ने पावन चरण पादुकाओं के दर्शन कर साईं बाबा के चरणों में शीश नवाया।
इस अवसर पर कैथल से पहुंचे नवीन मल्होत्रा, ललित ठुकराल, प्रिया ठुकराल, शालू कालड़ा, खुशी गाबा, नेहा बंसल, दीपक कुमार, राजेश कुमार, हेमंत कुमार सहित अन्य साईं भक्तों ने शिर्डी साईं संस्थान के सीईओ की पत्नी वंदना गाडिलकर को बुके एवं शॉल भेंट कर स्वागत किया।
भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल
समारोह में देश के प्रसिद्ध गायकों ने साईं बाबा के भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। पूरे कार्यक्रम के दौरान साईं बाबा के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।
कार्यक्रम में साईं बाबा ट्रस्ट के अध्यक्ष अजीत पाखेर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
साईं भक्तों तक पहुंचाई जा रही चरण पादुकाएं
समारोह को संबोधित करते हुए शिर्डी साईं संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोरक्ष गाडिलकर ने कहा कि देशभर से प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु शिर्डी पहुंचकर साईं बाबा के दर्शन करते हैं। लेकिन स्वास्थ्य या अन्य कारणों से कई भक्त शिर्डी नहीं पहुंच पाते।
ऐसे श्रद्धालुओं को साईं बाबा के दर्शन और आशीर्वाद का लाभ देने के उद्देश्य से उनकी पावन चरण पादुकाओं को विभिन्न राज्यों और शहरों में ले जाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चरण पादुकाएं हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में पहुंच चुकी हैं और लाखों श्रद्धालु इनके दर्शन कर चुके हैं।
उन्होंने बताया कि हाल ही में साईं बाबा की चरण पादुकाओं को हरिद्वार भी ले जाया गया था। पिछले वर्ष ये पावन चरण पादुकाएं हरियाणा के कैथल भी पहुंची थीं, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे।
पुलिस प्रशासन ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
चरण पादुका शोभायात्रा और कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। भारी भीड़ के बावजूद शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से मुख्य समारोह स्थल तक पहुंची।
ग्रेटर नोएडा में आयोजित इस साईं बाबा चरण पादुका दर्शन समारोह में कैथल समेत विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ दर्शन किए और साईं बाबा के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *