कैथल, 10 अक्टूबर 2026। साइबर जागरूकता माह के तहत कैथल पुलिस आमजन को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी कड़ी में एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार साइबर थाना क्राइम की टीम ने एएसआई सुनील कुमार के नेतृत्व में हनुमान वाटिका, कैथल के पास आमजन और युवाओं को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया।
अनजान लिंक और फर्जी कॉल से रहें सावधान
जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बताया कि साइबर अपराधी फोन कॉल, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया, ऑनलाइन निवेश, फर्जी कस्टमर केयर नंबर और इनाम का लालच देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में नहीं आने की जरूरत है।
पुलिस ने सलाह दी कि किसी के साथ भी अपने बैंक खाते की जानकारी, एटीएम कार्ड का विवरण, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध मोबाइल ऐप डाउनलोड करने से भी बचें।
युवाओं को सोशल मीडिया सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
कैथल पुलिस की टीम ने युवाओं को सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतने, मजबूत पासवर्ड रखने और अपनी निजी जानकारी अनजान लोगों के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। इसके अलावा ऑनलाइन खरीदारी या निवेश करने से पहले संबंधित वेबसाइट और प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता जांचने के लिए भी प्रेरित किया।
साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें कॉल: एसपी
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने आमजन से अपील की कि वे साइबर अपराधियों के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और आधिकारिक वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं।
समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोकने की संभावना बढ़ सकती है। कैथल पुलिस का उद्देश्य जागरूकता अभियान के माध्यम से आमजन और युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करना तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से सुरक्षित रखना है।



Leave a Reply