“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में दशहरा और बाबा राजपुरी डेरे के मेले पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध, 300 पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा

बाबा लदाना मेले में पांच स्थानों पर लगेंगे नाके, दो डायल 112 गाड़ियां रहेंगी तैनात; चंदाना गेट सहित जिले के सभी कस्बों में रावण दहन कार्यक्रमों पर पुलिस की रहेगी नजर

कैथल, 19 अक्टूबर। दशहरा पर्व और गांव बाबा लदाना स्थित बाबा राजपुरी डेरे में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय मेले को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न करवाने के लिए कैथल पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार मेले और दशहरा पर्व के दौरान करीब 300 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। इनमें लगभग 150 पुलिसकर्मी बाबा राजपुरी डेरे के मेले में और 150 पुलिसकर्मी जिले के विभिन्न कस्बों में आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रमों में तैनात रहेंगे।

डीएसपी रमेश चंद्र ने बताया कि बाबा राजपुरी डेरे में दशहरे से द्वादशी तक आयोजित होने वाले मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, कानून व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के मेले में शामिल हो सकें।

बाबा लदाना मेले में पांच स्थानों पर लगेंगे पुलिस नाके

डीएसपी रमेश चंद्र ने बताया कि बाबा लदाना गांव में प्रवेश करने वाले प्रमुख रास्तों पर पांच पुलिस नाके स्थापित किए जाएंगे। इनमें पाडला गांव की तरफ, मानस की ओर, अटेला की तरफ और बुड्ढा खेड़ा की ओर एक-एक नाका लगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त मेला क्षेत्र में चौराहे पर बाबा राजपुरी डेरे के मुख्य द्वार के सामने भी पुलिस नाका स्थापित किया जाएगा।

इन नाकों के माध्यम से आने-जाने वाले मार्गों पर निगरानी रखी जाएगी और भीड़ को व्यवस्थित करने के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

दो डायल 112 गाड़ियां और मोटरसाइकिल राइडर रहेंगे तैनात

मेले के दौरान किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटने के लिए दो डायल 112 गाड़ियां लगातार तीन दिन तक मेला क्षेत्र में तैनात रहेंगी। इसके साथ ही मोटरसाइकिल राइडर लगातार गश्त करेंगे। भीड़ के बीच सादी वर्दी में पुलिसकर्मी भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे।

सदर थाना पुलिस और संगतपुरा चौकी की टीम भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मेले के दौरान हुड़दंग करने, संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने या शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

चंदाना गेट सहित सभी कस्बों में रावण दहन पर रहेगी पुलिस की नजर

दशहरा पर्व पर कैथल के चंदाना गेट सहित जिले के विभिन्न कस्बों में आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रमों के दौरान भी पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे। कार्यक्रम स्थलों पर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

पुलिस का उद्देश्य धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं तथा आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना है, ताकि दशहरा पर्व और बाबा राजपुरी डेरे का मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

डीएसपी रमेश चंद्र की आमजन से सहयोग की अपील

डीएसपी रमेश चंद्र ने आमजन से अपील की कि दशहरा पर्व और मेले के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग करें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थलों पर निर्धारित बैरिकेडिंग के पीछे ही रहें और उसे पार करके आगे जाने का प्रयास न करें।

उन्होंने श्रद्धालुओं से भीड़ के दौरान धक्का-मुक्की से बचने, व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु के दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की। डीएसपी ने कहा कि आमजन के सहयोग से ही त्योहारों और धार्मिक आयोजनों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाया जा सकता है।