“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

Kaithal News: कलायत क्षेत्र में 1 किलो 110 ग्राम चरस के साथ आरोपी गिरफ्तार, एंटी एक्सटॉर्शन सेल की कार्रवाई

कैथल, 14 अक्टूबर। हरियाणा के कैथल जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने कलायत क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 1 किलो 110 ग्राम चरस (सुल्फा) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जिला जींद के गांव अलेवा निवासी राजेश के रूप में हुई है।

गुप्त सूचना के आधार पर की गई नाकाबंदी

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एंटी एक्सटॉर्शन सेल प्रभारी एएसआई तरसेम की अगुवाई में एसआई जसबीर सिंह की टीम अपराधों की रोकथाम के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को गांव मटौर के बस अड्डे के पास गुप्त सूचना मिली कि अलेवा निवासी राजेश मोटरसाइकिल पर चरस बेचने का काम करता है और चरस लेकर गांव बड़सीकरी से गांव मटौर की ओर आने वाला है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव मटौर से बड़सीकरी जाने वाली सड़क पर खड़ालवा मंदिर के नजदीक रजवाहे की पुलिया पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।

मोटरसाइकिल वापस मोड़ने लगा आरोपी

कुछ समय बाद पुलिस टीम को गांव बड़सीकरी की तरफ से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया तो उसने मोटरसाइकिल वापस मोड़ने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए चालक को काबू कर लिया।

पूछताछ के दौरान उसकी पहचान गांव अलेवा, जिला जींद निवासी राजेश के रूप में हुई। पुलिस सूचना के बाद मौके पर पहुंचे डीएसपी रमेश चंद्र की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे में मौजूद एक पॉलीथिन से 1 किलो 110 ग्राम चरस बरामद हुई।

कलायत थाने में मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद एएसआई मंजीत ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा और उससे पूछताछ की जा रही है।

कैथल पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में नशा तस्करी पर अंकुश लगाने और नशे के कारोबार में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Keywords: कैथल पुलिस, कलायत समाचार, चरस तस्करी, चरस के साथ आरोपी गिरफ्तार, एंटी एक्सटॉर्शन सेल कैथल, Kaithal News, Haryana Crime News.