बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए आयोजित की जा रही प्रतियोगिता, जिला और राज्य स्तर पर भी होंगे मुकाबले
कैथल, 14 अक्टूबर। हरियाणा पुलिस की ओर से विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का दूसरा राउंड बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कैथल जिले में 31 अगस्त को आयोजित पहले राउंड की परीक्षा में उत्तीर्ण हुए करीब 4500 विद्यार्थियों ने खंड स्तरीय परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा जिले के सभी छह खंडों में आयोजित की गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस महानिदेशक हरियाणा तथा पुलिस महानिरीक्षक यातायात एवं हाईवे, करनाल के दिशा-निर्देशों के तहत प्रदेश के सभी जिलों में स्कूल स्तर पर सड़क सुरक्षा क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। पहले राउंड में सफल रहे विद्यार्थियों ने 14 अक्टूबर को दूसरे राउंड की परीक्षा दी। प्रतियोगिता चार अलग-अलग स्तरों पर आयोजित की जा रही है। खंड स्तर की परीक्षा के बाद जिला स्तरीय और फिर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रत्येक स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
खंड स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी परीक्षा के दौरान ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश कुमार, रोड सेफ्टी सेल से एसआई सतबीर तथा एचसी अनोज ने विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर परीक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
बचपन में सीखे यातायात नियम जीवनभर आते हैं काम: एसपी
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि बचपन में सीखी गई बातें व्यक्ति को जीवनभर याद रहती हैं। बच्चों को शुरुआती उम्र से ही अच्छी शिक्षा और सही संस्कार दिए जाएं तो वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बन सकते हैं। बचपन सीखने और अच्छी आदतें अपनाने का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देना और उन्हें सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इस प्रतियोगिता के आयोजन में स्थानीय शिक्षा विभाग का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
एसपी ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे यातायात नियमों का पालन पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपनी जिम्मेदारी समझते हुए करें। नियमों की पालना करके विद्यार्थी सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में अहम योगदान दे सकते हैं।
जल्द होगी जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जल्द ही जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। जागरूक नागरिकों की भागीदारी से सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुदृढ़ बनाने में मदद मिल सकती है।


