कैथल, 12 अक्टूबर 2026। कैथल जिला पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को देशी पिस्तौल और जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। एंटी एक्सटॉर्शन सेल की टीम ने यह कार्रवाई कैलरम से बालू रोड पर नहर पुल के पास की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर की एक देशी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एंटी एक्सटॉर्शन सेल प्रभारी एएसआई तरसेम कुमार की अगुवाई में हेड कांस्टेबल देवेंद्र सिंह की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि कैलरम से बालू रोड पर नहर पुल के पास एक युवक अवैध देशी पिस्तौल लेकर खड़ा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी और संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सौरभ उर्फ गोजा निवासी गांव बालू के रूप में हुई।
315 बोर की देशी पिस्तौल और कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार, नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 315 बोर की एक देशी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज किया गया।
मौके पर पहुंचे एएसआई अनिल ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
कैथल पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई के तहत लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
