“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

जाट बीएड कॉलेज कैथल में फ्रेशर पार्टी का आयोजन, अंकुश बने मिस्टर फ्रेशर और मैरिश को मिला मिस फ्रेशर का खिताब

कैथल। स्थानीय जाट बीएड कॉलेज, कैथल में बीएड प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के स्वागत के लिए बीएड द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा भव्य फ्रेशर पार्टी समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जाट हाई स्कूल सोसाइटी के प्रधान राजकुमार बैनिवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समारोह को यादगार बनाया।

कार्यक्रम में पहुंचने पर बीएड प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों और अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दिनेश ढिल्लों और स्टाफ सदस्यों ने मुख्य अतिथि सहित प्रबंधक समिति के सदस्यों को पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद मुख्य अतिथि राजकुमार बैनिवाल ने प्रबंधक समिति और प्राचार्य के साथ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।

अच्छा शिक्षक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें विद्यार्थी: राजकुमार बैनिवाल

मुख्य अतिथि राजकुमार बैनिवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कॉलेज में बिताए जाने वाले दो वर्ष उनके जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष हैं। इस दौरान विद्यार्थियों को ज्ञान और अनुभव प्राप्त करने के साथ-साथ अपने व्यक्तित्व को निखारने का अवसर मिलेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी विद्यार्थी यहां से शिक्षा ग्रहण कर अच्छे शिक्षक बनेंगे और राष्ट्र निर्माण के साथ-साथ सभ्य समाज के निर्माण में अपना योगदान देंगे।

उन्होंने कहा कि एक अच्छा शिक्षक ही भविष्य का निर्माता होता है। विद्यार्थियों को अपने व्यवहार और संस्कारों से परिवार तथा जाट शिक्षण संस्थान का नाम रोशन करना चाहिए। शिक्षा में निरंतरता बनाए रखते हुए हर दिन कुछ नया सीखने का प्रयास करना चाहिए। एक आदर्श शिक्षक वही है, जो विद्यार्थियों को पढ़ाने के साथ स्वयं भी निरंतर सीखता रहता है।

राजकुमार बैनिवाल ने कहा कि जीवन चुनौतियों से भरा हुआ है। विद्यार्थियों को भविष्य में आने वाली चुनौतियों को अवसर के रूप में स्वीकार करना चाहिए और अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

भावी शिक्षक अनुशासन और धैर्य को जीवन में अपनाएं: डॉ. दिनेश ढिल्लों

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दिनेश ढिल्लों ने बीएड प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बीएड का विद्यार्थी होना एक जिम्मेदारी का एहसास कराता है। विद्यार्थियों को देश, समाज और परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि एक शिक्षक के जीवन में धैर्य और अनुशासन का विशेष महत्व है। भावी शिक्षकों को इन गुणों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने और कॉलेज में आयोजित होने वाली शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, विद्यार्थियों को किया सम्मानित

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने अपना परिचय देने के साथ विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों से कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण और खुशनुमा बन गया। श्रेष्ठ प्रस्तुति और सहभागिता के आधार पर अंकुश को मिस्टर फ्रेशर तथा मैरिश को मिस फ्रेशर के खिताब से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि राजकुमार बैनिवाल ने दोनों विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

सोसाइटी के पदाधिकारी और कॉलेज स्टाफ रहे उपस्थित

इस अवसर पर जाट हाई स्कूल सोसाइटी के उपप्रधान बलजिंदर सिंह बनवाला, महासचिव एडवोकेट रश्मि ढुल, कोषाध्यक्ष बलकार नैन तथा कार्यकारिणी सदस्य डॉ. सत्यवान माजरा, महावीर राविश, दलवीर कैरो, महावीर कुंडू, विक्रम सिंह, सन्नी चौशाला, राजपाल गुहणा, कुलदीप सिंह, जसवीर मानस, रजत रापड़िया और स्वतंत्र पाल उपस्थित रहे।

कॉलेज स्टाफ की ओर से चंद्र प्रकाश, अंजू खटकड़, राजेश ढुल, मोनिका, अंजू ढुल, वीरेंद्र कुंडू, धीरज कुमार, सुरेंद्र कुमार, सिकंदर और अनिल कुमार सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।





Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *