कैथल, 10 अक्टूबर। कैथल पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अफीम सप्लाई करने के मामले में गांव रत्ता खेड़ा निवासी त्रिलोक को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार मामले की जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट द्वारा की जा रही है। जांच का नेतृत्व यूनिट प्रभारी पीएसआई संदीप कुमार कर रहे हैं, जबकि आगामी जांच एएसआई शमशेर सिंह द्वारा अमल में लाई जा रही है।
238 ग्राम अफीम के साथ पकड़ा गया था आरोपी
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 25 अगस्त को स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट के एएसआई बिजेंद्र सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर चीका से गुहला निवासी देवीलाल को मोटरसाइकिल सहित काबू किया था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 238 ग्राम अफीम बरामद हुई थी।
इस संबंध में थाना चीका में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद मामले की जांच एएसआई शमशेर सिंह को सौंपी गई।
पूछताछ में सामने आया सप्लायर का नाम
पुलिस के मुताबिक, आरोपी देवीलाल से पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि उसे बरामद अफीम गांव रत्ता खेड़ा निवासी त्रिलोक ने उपलब्ध करवाई थी। इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए त्रिलोक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी से मामले के संबंध में विस्तृत पूछताछ करने के लिए अदालत से पुलिस रिमांड हासिल किया। मामले में आगे की जांच जारी है।


Leave a Reply