1350 प्रतिबंधित ट्रामाडोल गोलियों की बरामदगी के मामले में पंजाब तक पहुंची जांच, आरोपी गुरजिंद्र सिंह से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड हासिल
कैथल, 10 अक्टूबर। कैथल पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली गोलियों की सप्लाई के मामले में कार्रवाई करते हुए एक और सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार नशा तस्करी के नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए CIA-1 की टीम मामले की जांच कर रही है। इसी कड़ी में पंजाब के जिला संगरूर के गांव मातानरा निवासी गुरजिंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
CIA-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह के नेतृत्व में एएसआई गुरदान सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी से व्यापक पूछताछ के लिए अदालत से पुलिस रिमांड हासिल किया है।
1350 प्रतिबंधित ट्रामाडोल गोलियां हुई थीं बरामद
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 6 अक्टूबर को CIA-1 की टीम ने एएसआई कमलजीत सिंह के नेतृत्व में गुहला से भाटियां रोड पर नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार पंजाब के जिला पटियाला के गांव कलारां निवासी संदीप कुमार और कुलदीप सिंह को काबू किया था।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से पॉलीथीन में रखी 135 स्ट्रिप्स बरामद हुई थीं। प्रत्येक स्ट्रिप में 10 गोलियां थीं। इस तरह पुलिस ने कुल 1350 प्रतिबंधित ट्रामाडोल नशीली गोलियां बरामद की थीं। इस संबंध में थाना गुहला में मामला दर्ज किया गया था।
पूछताछ में सामने आया सप्लाई नेटवर्क
मामले की आगामी जांच एएसआई गुरदान सिंह को सौंपी गई। पुलिस पूछताछ के दौरान संदीप कुमार और कुलदीप सिंह ने कथित तौर पर बताया कि उन्हें ये गोलियां पंजाब के जिला पटियाला के गांव कोटली निवासी तरनप्रीत सिंह उर्फ मोटा ने उपलब्ध करवाई थीं।
इसके बाद CIA-1 पुलिस ने तरनप्रीत सिंह उर्फ मोटा को भी गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि उसे ये नशीली गोलियां गुरजिंद्र सिंह ने सप्लाई की थीं।
पुलिस ने अब गुरजिंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच और नशीली गोलियों की सप्लाई से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है।


Leave a Reply