कैथल, 7 अक्टूबर 2026। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कैथल पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर पुलिस चौकी अनाज मंडी की टीम ने कार्रवाई करते हुए 20 बोतल अंग्रेजी शराब सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस चौकी अनाज मंडी प्रभारी एएसआई जयपाल सिंह की टीम को अवैध शराब के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जींद-कैथल बाईपास रोड पर ड्रेन पुल के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच शुरू की।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम को बताए गए हुलिए का एक युवक पैदल आता दिखाई दिया। युवक ने पुलिस पार्टी को देखकर अपना रास्ता बदलकर तेज कदमों से वापस जाने का प्रयास किया। पुलिस कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया।
पूछताछ और जांच के दौरान आरोपी की पहचान गांव खरक पांडवा निवासी बिंटू उर्फ बिट्टू के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद बैग की तलाशी ली तो उसमें से 20 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना शहर कैथल में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
कैथल पुलिस की लगातार कार्रवाई
कैथल पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की ओर से नागरिकों से भी अवैध शराब की बिक्री या तस्करी से संबंधित जानकारी पुलिस को देने की अपील की गई है।

Leave a Reply