“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में अवैध असले पर पुलिस का शिकंजा, 2 मामलों में 2 आरोपी गिरफ्तार; 315 व 32 बोर के अवैध पिस्तौल बरामद

कैथल, 5 अक्टूबर। अवैध असला रखने वाले अपराधियों के खिलाफ कैथल पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग दो मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का अवैध देशी कट्टा और 32 बोर का अवैध देशी पिस्तौल बरामद किया है।

कलायत-मटौर रोड से 315 बोर का अवैध कट्टा बरामद

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पहले मामले में एंटी एक्सटॉर्शन सेल कैथल प्रभारी एएसआई तरसेम की अगुवाई में एएसआई अनिल कुमार की टीम कलायत बस अड्डे के पास अपराध एवं अपराधियों की रोकथाम के लिए मौजूद थी।

इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि गांव काब्रच्छा, जिला जींद निवासी संदीप के पास 315 बोर का अवैध देशी कट्टा है और वह किसी के इंतजार में कलायत-मटौर रोड स्थित रजबाहा की पटरी पर खड़ा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी वहां से तेजी से जाने लगा, लेकिन टीम ने कुछ दूरी पर ही उसे काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान संदीप निवासी काब्रच्छा, जिला जींद के रूप में हुई।

नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी की पेंट से 315 बोर का अवैध देशी कट्टा, एक रौंद और एक खाली खोल बरामद हुआ। इस संबंध में थाना कलायत में मामला दर्ज किया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

नहर पटरी से 32 बोर का अवैध पिस्तौल बरामद

दूसरे मामले में सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार की अगुवाई में एएसआई नरेंद्र कुमार की टीम अनाज मंडी कलायत के पास गश्त एवं पड़ताल कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि धारसुल खुर्द, टोहाना, जिला फतेहाबाद निवासी रिम्पल उर्फ रणजीत के पास अवैध असला है और वह गांव हथो से नरवाना जाने वाली नहर पटरी पर मोटरसाइकिल सहित खड़ा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी मोटरसाइकिल को वापस मोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान रिम्पल उर्फ रणजीत निवासी धारसुल खुर्द, टोहाना, जिला फतेहाबाद के रूप में हुई। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसकी पेंट से 32 बोर का अवैध देशी पिस्तौल बरामद हुआ। जांच के दौरान पिस्तौल की मैगजीन और बैरल खाली पाए गए।

इस मामले में भी थाना कलायत में मामला दर्ज कर लिया गया है।

दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी

कैथल पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार रखने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *