कैथल, 5 अक्टूबर 2026। साइबर ठगों ने लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए ठगी का नया तरीका अपनाया है। अब जालसाज कोरियर, पासपोर्ट या अन्य सामान की डिलीवरी के नाम पर लोगों को फोन या मैसेज कर रहे हैं और महज 5-10 रुपये की बकाया पेमेंट के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर बैंक खाते से पैसे उड़ा रहे हैं।
कैथल पुलिस ने आमजन को इस तरह की साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील की है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा साइबर अपराधों से बचाव के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
कोरियर के नाम पर ऐसे हो रही साइबर ठगी
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि साइबर ठग पहले लोगों को कॉल या मैसेज करते हैं। ठग कहते हैं कि उनके नाम से कोई पासपोर्ट या अन्य सामान का कोरियर आया है और उसकी 5-10 रुपये की छोटी सी पेमेंट बाकी है।
इसके बाद ठग पीड़ित को एक लिंक भेजते हैं और कहते हैं कि इस लिंक के माध्यम से बकाया राशि का भुगतान कर दें। छोटी रकम होने के कारण कई लोग बिना जांच किए लिंक पर क्लिक कर देते हैं।
यही साइबर ठगों का जाल होता है।
लिंक पर क्लिक करने के बाद साइबर अपराधी फर्जी तरीके से भुगतान संबंधी जानकारी हासिल कर सकते हैं और पीड़ित के नाम पर नई यूपीआई आईडी बनाकर उसकी मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर सकते हैं।
किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें। कोरियर या किसी अन्य सेवा के नाम पर छोटी रकम के भुगतान का मैसेज आने पर भी पहले उसकी सत्यता की जांच करें।
पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे किसी भी व्यक्ति के साथ अपना OTP, बैंक अकाउंट की जानकारी, UPI संबंधी जानकारी, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी या अन्य निजी जानकारी साझा न करें।
साइबर ठगी से बचने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
अनजान नंबर से आए कोरियर संबंधी कॉल पर तुरंत भरोसा न करें।
5-10 रुपये की पेमेंट के नाम पर भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें।
अनजान लिंक के जरिए कोई ऑनलाइन भुगतान न करें।
अपना OTP और बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई ऐप डाउनलोड न करें।
संदिग्ध कॉल या मैसेज आने पर संबंधित सेवा की आधिकारिक वेबसाइट/कस्टमर केयर से सत्यापन करें।
किसी भी प्रकार की ऑनलाइन या वित्तीय ठगी होने पर तुरंत कार्रवाई करें।
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल
कैथल पुलिस ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी या ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी हो जाती है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके शिकायत दर्ज करवाएं।
इसके अलावा पीड़ित व्यक्ति साइबर क्राइम थाना या अपने संबंधित थाने में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क पर भी शिकायत दे सकता है।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि जागरूकता, सावधानी और सतर्कता ही साइबर ठगों से बचने का सबसे बड़ा हथियार है। आपकी खुद की समझदारी साइबर ठगों पर भारी पड़ सकती है।


Leave a Reply