“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल पुलिस की सितंबर में बड़ी कार्रवाई, 125 मामलों में 147 आरोपी गिरफ्तार; भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद


कैथल, 4 अक्टूबर। जिला पुलिस ने सितंबर माह के दौरान अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब व मादक पदार्थ तस्करी, चोरी, लूट, सेंधमारी और अवैध असला रखने सहित विभिन्न मामलों में 125 केस दर्ज कर 147 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में की गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जिला पुलिस का फोकस कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नशा तस्करों, शराब तस्करों, संपत्ति संबंधी अपराधियों और अवैध हथियार रखने वाले आरोपियों पर रहा। सितंबर माह में नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।
नशा तस्करी के 20 मामलों में 24 आरोपी गिरफ्तार
सितंबर में पुलिस ने नशा तस्करी के 20 मामले दर्ज कर 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार बरामद नशीले पदार्थों में 802 किलो 562 ग्राम डोडा पोस्त, 11 किलो 660 ग्राम चूरा पोस्त, 27 किलो 398 ग्राम गांजा, 2 किलो 217 ग्राम अफीम, 59.66 ग्राम हेरोइन, 647 ग्राम चरस और 500 नशीली गोलियां शामिल हैं। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ की कीमत करोड़ों रुपये बताई है।
शराब तस्करी के 75 मामलों में 71 आरोपी काबू
जिला पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ भी सितंबर में कड़ी कार्रवाई की। इस दौरान 75 मामले दर्ज कर 71 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के कब्जे से 1009 बोतल देशी शराब, 497 बोतल हथकढ़ी शराब, 36 बोतल अंग्रेजी शराब और करीब 3675 लीटर लाहन बरामद किया गया।
चोरी व संपत्ति संबंधी अपराधों में 41 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर भी शिकंजा कसते हुए सितंबर में 20 मामलों में 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से करीब 20 लाख 62 हजार रुपये मूल्य की चोरीशुदा संपत्ति बरामद की गई।
अवैध हथियार रखने वालों पर भी कार्रवाई
अवैध असला और एम्युनेशन रखने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 6 मामलों में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 6 अवैध देसी पिस्तौल, 8 कारतूस और एक चाकू बरामद किया गया।
जुआ-सट्टा के मामलों में भी गिरफ्तारी
सितंबर माह में पुलिस ने जुआ एवं सट्टा अधिनियम के तहत 4 मामले दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 10,810 रुपये बरामद किए गए।
इसके अतिरिक्त पुलिस ने सितंबर माह में 10 बेल जंपर और 20 पीओ (Proclaimed Offender) आरोपियों को भी गिरफ्तार किया।
कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर रहेगी सख्ती: एसपी
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि पुलिस का प्रथम दायित्व आमजन की जान-माल की सुरक्षा करना है। जिला पुलिस अमन-चैन और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों, शराब व नशा तस्करों तथा अवैध असला रखने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में जिले की कानून व्यवस्था को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। एसपी ने आमजन से अपील की कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो वे बिना किसी डर के तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *