कैथल, 4 अक्टूबर। सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराधी भी ठगी और ब्लैकमेलिंग के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कैथल पुलिस ने Facebook, Messenger, Instagram समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर होने वाले साइबर फ्रॉड को लेकर एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लोगों की Friend Request स्वीकार करने और अजनबी नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल रिसीव करने से बचें।
कैथल के एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि साइबर अपराधी अक्सर खूबसूरत चेहरे और अच्छे नाम वाली फर्जी Facebook या Instagram प्रोफाइल बनाकर लोगों को Friend Request भेजते हैं। इनमें कई फर्जी अकाउंट महिलाओं के नाम से बनाए जाते हैं। Friend Request स्वीकार होने के बाद साइबर अपराधी चैटिंग के जरिए व्यक्ति से संपर्क बढ़ाते हैं और बाद में वीडियो कॉल के लिए उसे राजी कर लेते हैं।
वीडियो कॉल के जरिए बनाया जाता है ब्लैकमेलिंग का शिकार
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी वीडियो कॉल के दौरान खुद को महिला के रूप में प्रस्तुत कर सकते हैं और सामने वाले व्यक्ति को भी आपत्तिजनक स्थिति में आने के लिए उकसा सकते हैं। इसके बाद वीडियो कॉल की स्क्रीन रिकॉर्डिंग या स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिया जाता है।
इसके बाद साइबर अपराधी वीडियो को सोशल मीडिया, YouTube या अश्लील वेबसाइटों पर अपलोड करने की धमकी देकर पैसे की मांग करते हैं। बदनामी के डर से कई लोग पैसे दे देते हैं और इस तरह साइबर ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के जाल में फंस जाते हैं।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर इस प्रकार के साइबर अपराध से बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों को अनजान सोशल मीडिया यूजर्स से दोस्ती करने से बचने और संदिग्ध वीडियो कॉल को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी।
कैथल पुलिस ने सोशल मीडिया फ्रॉड से बचने के लिए दिए ये सुझाव
1. सोशल मीडिया प्रोफाइल लॉक रखें:
अपने Facebook और अन्य सोशल मीडिया अकाउंट की Privacy Settings को मजबूत रखें और संभव हो तो प्रोफाइल लॉक करके रखें।
2. अनजान नंबर से वीडियो कॉल रिसीव न करें:
अजनबी नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल को रिसीव करने से बचें। अगर किसी कारण से कॉल उठानी पड़े तो कैमरे को सामने की बजाय दूसरी दिशा में कर दें या चेहरे को कैमरे से दूर रखें।
3. आपत्तिजनक वीडियो अपलोड होने पर रिपोर्ट करें:
यदि आपकी कोई आपत्तिजनक वीडियो YouTube या किसी अन्य प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दी गई है तो संबंधित प्लेटफॉर्म पर उसकी शिकायत और रिपोर्ट करें।
4. निजी जानकारी साझा न करें:
किसी अजनबी को अपना पता, पहचान संबंधी जानकारी, निजी मोबाइल नंबर या अन्य व्यक्तिगत जानकारी शेयर न करें।
5. ब्लैकमेल होने पर पैसे न दें:
अगर कोई व्यक्ति वीडियो या फोटो के नाम पर ब्लैकमेल करता है तो डरकर पैसे न दें। तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें।
साइबर फ्रॉड होने पर कहां करें शिकायत?
कैथल पुलिस ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ इस प्रकार की साइबर ठगी या ब्लैकमेलिंग होती है तो वह बिना झिझक नजदीकी पुलिस थाने में स्थापित साइबर डेस्क पर शिकायत कर सकता है। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (cybercrime.gov.in) पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डिजिटल दुनिया में सतर्क रहें, अनजान लोगों पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। समय रहते शिकायत करने से साइबर अपराध के मामलों में कार्रवाई करने और नुकसान को कम करने में मदद मिल सकती है।


Leave a Reply