कैथल, 3 अक्टूबर। साइबर जागरूकता माह के तहत कैथल जिला पुलिस द्वारा आमजन, विद्यार्थियों और युवाओं को साइबर अपराधों से बचाने तथा सुरक्षित डिजिटल लेनदेन के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में थाना साइबर क्राइम प्रभारी इंस्पेक्टर साहिल और एचसी कृष्ण कुमार की टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलवंती में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और अध्यापकों को साइबर ठगी के नए तरीकों, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव और सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
बैंक अधिकारी या पुलिस बनकर ठगी करते हैं साइबर अपराधी
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनके बैंक खातों से रकम ठग लेते हैं। ठग कभी बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, रिश्तेदार या परिचित बनकर फोन करते हैं तो कभी नौकरी, इनाम, निवेश, लोन और केवाईसी अपडेट सहित अन्य बहानों से लोगों की व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं।
पुलिस ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से सावधान करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, क्रेडिट कार्ड विवरण, यूपीआई पिन, पासवर्ड या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें।
अनजान लिंक पर क्लिक करने और स्क्रीन शेयर करने से बचें
जागरूकता कार्यक्रम में सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग के नियमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि बैंक या कोई अधिकृत संस्था फोन पर ग्राहक से ओटीपी, यूपीआई पिन अथवा पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी नहीं मांगती।
विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अज्ञात या संदिग्ध ऐप को मोबाइल फोन में डाउनलोड न करें। ऑनलाइन भुगतान करते समय भी पूरी सावधानी बरतें तथा किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल की स्क्रीन शेयर न करें।
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों और अध्यापकों को बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो उसे बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करनी चाहिए। इसके साथ ही साइबर अपराध की शिकायत cybercrime.gov.in पोर्टल पर भी दर्ज कराई जा सकती है।
पुलिस ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी साइबर ठगी से बचाव और सुरक्षित ऑनलाइन लेनदेन के बारे में जागरूक करें।
पुलिस का संदेश: डिजिटल दुनिया में सावधानी ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है। किसी भी अनजान कॉल, लिंक, ऐप या ऑनलाइन ऑफर पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें।c


Leave a Reply