“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में नशीली गोलियों और नशीले घोल के सप्लायर पर शिकंजा, CIA गुहला ने आरोपी को दबोचा


कैथल, 2 अक्टूबर। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैथल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए सीआईए गुहला पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली गोलियों और नशीले घोल की सप्लाई करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भगत सिंह कॉलोनी, कैथल निवासी अतुल छोकर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 700 रुपये ड्रग मनी बरामद हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 6 अगस्त को तत्कालीन चौकी भागल प्रभारी एएसआई रघुबीर सिंह की टीम ने रजबाहा पुल, भागल-बलबेहड़ा रोड के पास कार्रवाई करते हुए गुहला के वार्ड नंबर-11 निवासी जसविंद्र को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 17 खाली प्लास्टिक की छोटी शीशियां, एक प्लास्टिक की बोतल में 581 ग्राम नशीला घोल और बुप्रेनोरफिन की 10 गोलियां बरामद हुई थीं।
पूछताछ में जसविंद्र ने पुलिस को बताया था कि वह प्रतिबंधित गोलियों को पशुओं की लिक्विड दवा में मिलाकर नशीला घोल तैयार करता था। इसके बाद इस घोल को छोटी-छोटी शीशियों में भरकर नशा करने वाले लोगों को करीब 200 रुपये प्रति शीशी के हिसाब से बेचता था।
इस संबंध में थाना चीका में मामला दर्ज किया गया था और आगे की जांच सीआईए गुहला को सौंपी गई। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी जसविंद्र को नशीला पदार्थ भगत सिंह कॉलोनी, कैथल निवासी अतुल छोकर उपलब्ध करवाता था।
इसके बाद सीआईए गुहला प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार की अगुवाई में पीएसआई दीपक की टीम ने आरोपी अतुल छोकर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 700 रुपये ड्रग मनी बरामद की।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कैथल पुलिस की ओर से नशे की सप्लाई चेन से जुड़े आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *