कैथल, 2 अक्टूबर। थाना ढांड क्षेत्र के गांव बंदराना में 21 अगस्त को हुए आपसी लड़ाई-झगड़े के मामले में घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत होने के बाद पुलिस ने हत्या की धारा जोड़ते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट कैथल ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गांव बंदराना निवासी रीटा ने शिकायत देकर बताया था कि 21 अगस्त की शाम वह घर का कूड़ा-कचरा फेंकने के लिए जा रही थी। इसी दौरान गली में मौजूद कुछ लोगों ने उसके साथ गाली-गलौच की। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
शोर सुनकर रीटा के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शिकायत के मुताबिक, इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और आरोपियों द्वारा लाठी-डंडों, जेली और ईंटों से हमला किया गया। मारपीट में रीटा, उसके चाचा मांगेराम, चाची बीरमती, देवर बलवान, पुत्र अंकुश, पति गणेश सहित अन्य लोग घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल कैथल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण किया गया। घायल मांगेराम की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे आगे के उपचार के लिए रेफर कर दिया था। इसके बाद उसका उपचार चल रहा था।
उपचार के दौरान हुई मांगेराम की मौत
पुलिस के अनुसार, घायल मांगेराम की 26 सितंबर को मुलाना मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। मांगेराम की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी और जांच को आगे बढ़ाया।
स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने 5 आरोपियों को पकड़ा
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार मामले की जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट को सौंपी गई। यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एसआई वीरेंद्र की टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव बंदराना निवासी महेंद्र, नरसी, प्रवीण, शिवकुमार और जोधा राम को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पहले से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते विवाद और मारपीट की घटना हुई।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। आरोपियों से मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है और पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
फोटो कैप्शन: हत्या मामले में गिरफ्तार आरोपी स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट पुलिस की गिरफ्त में।


Leave a Reply