कैथल, 1 अक्टूबर। जिला पुलिस द्वारा एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त हो जिला’ अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सैल कैथल ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने दो अलग-अलग मामलों में दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 5 किलो 76 ग्राम गांजा फूल पत्ती बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एंटी नारकोटिक सैल प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एसआई बलराज सिंह की टीम गश्त के दौरान खुशहाल माजरा रोड पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सोनवर्षा, थाना लोकही, जिला मधुबनी (बिहार) निवासी निरंजन कुमार गांजा फूल पत्ती बेचने का काम करता है और इस समय खुशहाल माजरा रोड पर एक सेलर के पास खड़ा है।
सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और खुशहाल माजरा रोड पर दबिश देकर संदिग्ध निरंजन कुमार को काबू कर लिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे डीएसपी गुहला हरदीप सिंह की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान प्लास्टिक कट्टे से 2 किलो 52 ग्राम गांजा फूल पत्ती बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना गुहला में मामला दर्ज किया और एएसआई महेंद्र ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दूसरे मामले में 3 किलो 24 ग्राम गांजा बरामद
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार दूसरी कार्रवाई में एंटी नारकोटिक सैल के एएसआई जसमेर सिंह की टीम रात्री गश्त पर थी। इस दौरान अनाज मंडी चीका के पास पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक सरकारी स्कूल चीका की दीवार के पास खड़ा होकर गांजा फूल पत्ती बेच रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। पूछताछ में युवक की पहचान सोनवर्षा, थाना लोकही, जिला मधुबनी (बिहार) निवासी पप्पु कुमार के रूप में हुई।
डीएसपी गुहला हरदीप सिंह की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से पॉलीथीन में 3 किलो 24 ग्राम गांजा फूल पत्ती बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना चीका में मामला दर्ज किया गया और मौके पर पहुंचे एसआई जयभगवान ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से बरामद गांजे को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। दोनों आरोपियों को व्यापक पूछताछ के लिए अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने का प्रयास किया जाएगा।


Leave a Reply