कैथल। किसान यूनियन के मीडिया प्रभारी सुभाष बढ़सीकरी ने कैथल अनाज मंडी का दौरा कर किसानों की जीरी बिक्री से जुड़ी समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान कई किसानों ने बताया कि आदती और व्यापारियों की वजह से उनकी जीरी कई दिनों से नहीं बिक पा रही थी।
सुभाष बढ़सीकरी ने किसानों की समस्या से मंडी सचिव जोगिंदर ढुल को अवगत करवाया और किसानों की जीरी की खरीद तुरंत शुरू करवाने की मांग रखी। इसके बाद मंडी प्रशासन की ओर से खरीद प्रक्रिया शुरू की गई।
इस दौरान सबसे पहले गांव पाडला निवासी किसान संजय कुमार की जीरी का मॉइस्चर चेक करवाया गया। जांच में जीरी का मॉइस्चर 15 प्रतिशत पाया गया। इसके बाद रजिस्टर में तत्काल एंट्री करवाकर किसान की जीरी की बिक्री का काम करवाया गया।
सुभाष बढ़सीकरी ने कहा कि किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए मंडियों में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कैथल जिले की किसी भी मंडी में किसानों के साथ किसी प्रकार की हेराफेरी या अनदेखी करने का प्रयास किया गया तो किसान यूनियन के नेता किसानों के साथ खड़े रहेंगे और उनकी आवाज मजबूती से उठाएंगे।
उन्होंने कहा कि किसान अपनी मेहनत से फसल तैयार करके मंडी में लेकर आता है, इसलिए उसकी फसल की खरीद निर्धारित नियमों के अनुसार पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए।
इस मौके पर कुलदीप सिंह, किसान संजय कुमार, रामसर, बालू, दलीप सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


Leave a Reply