“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

RKSD कॉलेज कैथल में दाखिलों का आंकड़ा 1400 पार, 1401 विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश

कैथल: आर.के.एस.डी. कॉलेज, कैथल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक कक्षाओं में दाखिला प्रक्रिया जारी है। कॉलेज में विभिन्न यूजी पाठ्यक्रमों में अब तक 1401 विद्यार्थियों ने प्रवेश ले लिया है। प्रथम और द्वितीय मेरिट सूची के बाद अब रिक्त सीटों को भरने के लिए फिजिकल ओपन काउंसलिंग के माध्यम से दाखिले किए जा रहे हैं।

इसके साथ ही उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल दोबारा खोल दिया गया है। ऐसे विद्यार्थी, जिन्होंने अभी तक पंजीकरण नहीं करवाया है, वे नया पंजीकरण कर सकते हैं। वहीं पहले से आवेदन कर चुके विद्यार्थी अपने आवेदन पत्र में आवश्यक संशोधन भी कर सकते हैं।

आर.के.एस.डी. कॉलेज में किस कोर्स में कितने दाखिले?

कॉलेज में अब तक हुए दाखिलों के अनुसार बीए एडेड में 433, बीए सेल्फ फाइनेंस में 49 और बीए इवनिंग में 142 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है।

इसी प्रकार बीकॉम एडेड में 154, बीकॉम सेल्फ फाइनेंस में 68 तथा बीकॉम इवनिंग में 100 विद्यार्थियों का दाखिला हो चुका है। बीसीए में 84, बीसीए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में 38, बीसीए डाटा साइंस में 29 और बीसीए सेल्फ फाइनेंस में 57 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है।

विज्ञान संकाय में बीएससी लाइफ साइंस एडेड में 65, सेल्फ फाइनेंस में 23, बीएससी फिजिकल साइंस एडेड में 79, सेल्फ फाइनेंस में 40 तथा बीएससी स्पोर्ट्स में 40 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। इस तरह कॉलेज में स्नातक पाठ्यक्रमों में कुल दाखिलों की संख्या 1401 तक पहुंच गई है।

16 अगस्त तक फिजिकल ओपन काउंसलिंग

उच्चतर शिक्षा विभाग की संशोधित प्रवेश समय-सारणी के अनुसार 8 अगस्त से रिक्त सीटों पर फिजिकल ओपन काउंसलिंग शुरू हो चुकी है। 9 अगस्त से ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल नए पंजीकरण और आवेदन पत्र में संशोधन के लिए भी खोल दिया गया है।

रिक्त सीटों पर 10 से 16 अगस्त तक ₹100 विलंब शुल्क के साथ फिजिकल काउंसलिंग के माध्यम से दाखिले किए जाएंगे। इसके बाद 17 से 23 अगस्त तक ₹100 विलंब शुल्क के साथ प्रतिदिन अतिरिक्त ₹100 शुल्क देकर रिक्त सीटों पर प्रवेश लिया जा सकेगा।

विद्यार्थियों से समय रहते दाखिला लेने की अपील

कॉलेज के प्रधान अश्वनी शोरेवाला ने कहा कि विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए विद्यार्थियों द्वारा दिखाया जा रहा उत्साह संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शैक्षणिक प्रतिष्ठा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी अभी तक किसी कारणवश दाखिला नहीं ले पाए हैं, वे उपलब्ध रिक्त सीटों का लाभ उठाकर निर्धारित समय में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें।

प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए कॉलेज स्तर पर प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। नए पंजीकरण, आवेदन पत्र में संशोधन और फिजिकल ओपन काउंसलिंग से संबंधित जानकारी एवं मार्गदर्शन विद्यार्थियों को कॉलेज में उपलब्ध करवाया जा रहा है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे निर्धारित समय-सारणी के अनुसार आवश्यक दस्तावेजों के साथ कॉलेज पहुंचें और उपलब्ध रिक्त सीटों पर समय रहते अपना दाखिला सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *