कैथल, 4 अगस्त। आर.के.एस.डी. महाविद्यालय, कैथल में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण एवं हवन-यज्ञ के साथ श्रद्धा और उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय विद्या समिति, प्रबंधक समिति, विभिन्न आर.के.एस.डी. संस्थानों के पदाधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया। सभी ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर नए शैक्षणिक सत्र की सफलता, विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य तथा संस्थान की निरंतर प्रगति की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय विद्या समिति एवं प्रबंधक समिति के प्रधान अश्वनी शोरेवाला ने कहा कि आर.के.एस.डी. महाविद्यालय शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और शोध के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुका है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महाविद्यालय में प्रयोगशालाओं का आधुनिकीकरण, रामकृष्ण सभागार का नवीनीकरण एवं वातानुकूलन, आधुनिक खेल सुविधाएं तथा अत्याधुनिक स्विमिंग पूल जैसी व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं।
उन्होंने विशेष रूप से आरकेएसडी नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केंद्र नवीन जिंदल फाउंडेशन के सहयोग से स्थापित किया गया है। यहां आर.के.एस.डी. के साथ-साथ अन्य शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी भी कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्किल सेंटर का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित कर उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। देश-विदेश का कोई भी इच्छुक विद्यार्थी यहां उपलब्ध विश्वस्तरीय प्रशिक्षण का लाभ उठा सकता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रत्येक नया शैक्षणिक सत्र नई ऊर्जा, नए संकल्प और नई संभावनाएं लेकर आता है। उन्होंने कहा कि आर.के.एस.डी. महाविद्यालय अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासित वातावरण और विद्यार्थी-केंद्रित गतिविधियों के कारण राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुका है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रबंध समिति, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों को दिया।
डॉ. गगन मित्तल ने बताया कि विश्वविद्यालय परीक्षाओं, खेलकूद, सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं तथा शोध गतिविधियों में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने यह भी बताया कि सत्र 2026-27 की प्रथम काउंसलिंग में स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों का उत्साहजनक रुझान देखने को मिला है, जिससे आने वाले चरणों में प्रवेश संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर, छात्रवृत्ति योजनाएं, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित शिक्षण पहल तथा शैक्षणिक उत्कृष्टता कार्यक्रम विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार कर रहे हैं। साथ ही संस्था व्यक्तित्व विकास, नवाचार, शोध और नैतिक मूल्यों के संवर्धन के लिए भी लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. गगन मित्तल ने सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासन, परिश्रम और उत्कृष्टता को जीवन का लक्ष्य बनाने का संदेश दिया तथा नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के सफल एवं मंगलमय होने की शुभकामनाएं दीं।



Leave a Reply