“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में नाबालिग बच्चों की पैतृक जमीन हड़पने के मामले में महिला गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेजों से 46.96 लाख में बेची गई थी जमीन

कैथल, 1 अगस्त। कैथल जिले के कलायत क्षेत्र के गांव चौसाला में नाबालिग बच्चों की पैतृक जमीन हड़पने के लिए कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि का हस्तांतरण और विक्रय कराने के मामले में थाना कलायत पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर अदालत से पुलिस रिमांड लेने की तैयारी शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, थाना कलायत प्रभारी पीएसआई अमन के नेतृत्व में एएसआई सुभाष सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव चौसाला निवासी पुष्पा को गिरफ्तार किया।

फर्जी आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र तैयार कराने का आरोप

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव चौसाला निवासी पवन की शिकायत पर दर्ज मामले में आरोप लगाया गया है कि उसके भाई सतीश कुमार का 1 अक्टूबर 2022 को निधन हो गया था। उनकी मृत्यु के बाद पैतृक भूमि उत्तराधिकार के तहत उनकी पत्नी पुष्पा और दोनों नाबालिग पुत्रों आदित्य तथा तेजेंद्रपाल के नाम दर्ज हुई थी।

शिकायत के अनुसार, दोनों बच्चों के नाबालिग होने के बावजूद आरोपी महिला ने अन्य आरोपियों नरेश उर्फ सोनू, भूपेंद्र (नंबरदार), गौरव शर्मा (वकील) तथा अन्य लोगों के साथ मिलकर बच्चों के कथित फर्जी आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र तैयार करवाए।

46.96 लाख रुपये में बेच दी जमीन

पुलिस के मुताबिक, इन दस्तावेजों के आधार पर पारिवारिक हस्तांतरण संबंधी वसीका पंजीकृत करवाई गई और राजस्व रिकॉर्ड में इंतकाल भी मंजूर करा लिया गया। इसके बाद संबंधित जमीन को एक अन्य व्यक्ति के पक्ष में करीब 46.96 लाख रुपये में बेच दिया गया।

जांच में सामने आया कि पूरी प्रक्रिया कथित रूप से सुनियोजित साजिश के तहत की गई, जिसमें नाबालिग बच्चों के हितों की अनदेखी करते हुए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भूमि का हस्तांतरण और विक्रय कराया गया।

पुलिस रिमांड पर होगी पूछताछ

थाना कलायत पुलिस ने मामले में पहले ही केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। अब गिरफ्तार महिला आरोपी से विस्तृत पूछताछ के लिए अदालत से पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

Keywords: Kaithal News, Kalayat Police, Chausala Village, Fake Documents Case, Land Fraud Kaithal, Property Fraud Haryana, Minor Children Land Case, Haryana Crime News, Kaithal Police News, Land Scam Haryana.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *